भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे भोपाल पहुंचे. वे होटल ताज में रात्रि विश्राम करेंगे. करीब 23 घंटे के प्रवास के दौरान शनिवार को वे गृह, सहकारिता, पशुपालन, डेयरी और उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. शाह भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे. सम्मेलन में प्रदेश भर से 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य पहुंचेंगे. यहां पशुपालकों को बोनस राशि वितरित करने के साथ गौशालाओं को सहायता अनुदान दिया जाएगा. उत्कृष्ट कार्य करने वाली गोपालक दीदियों का सम्मान और डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्रों का वितरण भी होगा. शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में 16.80 करोड़ रुपए की लागत से तैयार अत्याधुनिक फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का लोकार्पण करेंगे. इसकी प्रसंस्करण क्षमता 40 हजार लीटर प्रतिदिन है। इसके अलावा उज्जैन में प्रस्तावित 255 करोड़ रुपए के डेयरी प्लांट समेत अन्य परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे.
आईआईएसईआर में अत्रि परिसर का शिलान्यास
केंद्रीय मंत्री भोपाल बायपास-भौंरी स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) में अत्रि परिसर का शिलान्यास करेंगे. इस दौरान स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा. भेल मैदान में वे नए आपराधिक कानूनों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन भी करेंगे.
भोपाल पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, गोपालक सम्मेलन और फर्मेंटेड डेयरी प्लांट का करेंगे शुभारंभ