
पचोर। जड़ी-बूटी बेचने के बहाने गांव में पहुंचा और रुपए डबल कराने का लालच देकर ठगी का जाल बिछा दिया। उसके झांसे में आए गोकुल सोंधिया से आरोपियों ने 5 लाख 64 हजार रुपए ऐंठ लिए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पचोर पुलिस ने 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज और मोबाइल CDR खंगालकर शाहगढ़ तक आरोपियों का पीछा किया और दो आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार 26 अगस्त को गोकुल के गांव में जड़ी-बूटी बेचने एक व्यक्ति आया था। उसने गोकुल को बताया कि वह ऐसे लोगों को जानता है, जो रुपए डबल कर देते हैं। इसके बाद गोकुल के मोबाइल पर लगातार फोन आने लगे। 1 सितंबर को उसे पचोर के मिठनपुर ब्रिज के पास बुलाया गया।
गोकुल के पहुंचते ही एक आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर ब्रिज से आगे ले गया। वहां पहले से तीन लोग मौजूद थे। चारों ने मिलकर गोकुल से 5.64 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद उसे भरोसा दिलाया कि वह बस से गांव चला जाए, वे रकम दोगुनी करके उसके गांव पहुंचा देंगे। गोकुल गांव पहुंच गया, लेकिन आरोपी नहीं आए। रकम भी वापस नहीं मिली। ठगी का अहसास होने पर उसने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
50 से ज्यादा कैमरों में तलाश, CDR ने खोला रास्ता
मामला दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मिठनपुर ब्रिज से लेकर आरोपियों के संभावित रास्ते के 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। मोबाइल CDR से मिले सुराग को कैमरों की रिकॉर्डिंग से जोड़ा गया। कई जगहों के फुटेज खंगालने के बाद पुलिस शाहगढ़ पहुंची और दो आरोपियों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान विक्की पिता डोलन और मन के राजा पिता भाई साहब, दोनों निवासी शाहगढ़, जिला सागर के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी जांची जा रही है।
इनकी रही भूमिका
जिला पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के निर्देशन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी शकुंतला बामनिया के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर गौरव बाजपेई, अतुल मौर्य, संदीप हाड़ा और प्रद्युम्न की टीम ने आरोपियों को पकड़ने में भूमिका निभाई।
