मौजूदा स्थिति में महात्मा गांधी के शांति तथा अहिंसा के संदेश और अधिक प्रासंगिक: मुर्मु

नयी दिल्ली 01 अक्टूबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए गुरुवार को कहा कि मौजूदा स्थितियों में उनके शांति तथा अहिंसा के संदेश और अधिक प्रासंगिक हैं।

श्रीमती मुर्मु ने अपने संदेश में कहा ,” राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर, मैं सभी देशवासियों की ओर से उन्हें सादर श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। विश्व समुदाय द्वारा गांधीजी के जीवन और आदर्शों को बहुत सम्मान दिया जाता है। आज विश्व के अनेक क्षेत्रों में अशांति और युद्ध का वातावरण है तथा सभी देशों पर इसका प्रभाव पड़ रहा है। ऐसी स्थितियों में महात्मा गांधी के शांति और अहिंसा के संदेश और अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं।”

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के राष्ट्रीय लक्ष्य की ओर देश आगे बढ़ रहा है। विकास की इस यात्रा में संवेदनशीलता और समावेश के मूल्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि कोई भी देशवासी विकास के लाभ से वंचित न रहे। यह महात्मा गांधी के ‘सर्वोदय’ के आदर्श के अनुरूप है, जिसमें सभी के कल्याण और उत्थान की भावना निहित है।

राष्ट्रपति ने कहा कि गांधी जयंती के शुभ अवसर पर हम यह संकल्प लें कि अपने नैतिक आचरण तथा सक्रिय भागीदारी द्वारा आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित भारत के निर्माण में हम पूरी निष्ठा से अपना योगदान देंगे।

 

Next Post

रेखा गुप्ता ने डीपीसीसी के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का किया शुभारंभ

Thu Oct 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शास्त्री पार्क स्थित दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) आईटी पार्क में दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्रीमती गुप्ता ने […]

You May Like