नयी दिल्ली, 01 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश कैडर के 1992 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी नरेन्द्र भूषण ने पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव का पदभार गुरुवार को संभाल लिया।
श्री भूषण को केंद्र और राज्य सरकारों में तीन दशकों से अधिक का प्रशासनिक अनुभव है। उन्होंने ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, उद्योग, कृषि, शहरी विकास, वित्त और भूमि-संसाधन प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम किया है।
इससे पहले ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि संसाधन विभाग के सचिव रहे श्री भूषण ने उत्तर प्रदेश में ऊर्जा और अपर ऊर्जा स्रोत तथा तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सहित कई वरिष्ठ पदों पर कार्य किया। वह लोक निर्माण विभाग, बुनियादी ढांचा एवं उद्योग विकास, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पंचायती राज विभागों के प्रधान सचिव भी रहे हैं।
उन्होंने ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के अलावा मथुरा, फिरोजाबाद और उधम सिंह नगर के जिला मजिस्ट्रेट के रूप में भी सेवाएं दी हैं।
केंद्र सरकार में श्री भूषण ने यूआईडीएआई में उप महानिदेशक, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन में मिशन निदेशक और कृषि एवं सहयोग विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में कार्य कर चुके श्री भूषण वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत भारतीय व्यापार संवर्द्धन संगठन (आईटीपीओ) में विशेष कार्य अधिकारी भी रहे हैं।
श्री भूषण ने इलेक्ट्रॉनिकी में स्नातक तथा अमेरिका की ड्यूक यूनिवर्सिटी से इंटरनेशनल डेवलपमेंट पॉलिसी में मास्टर डिग्री हासिल की है।
Next Post
केंद्र का जनजातीय क्षेत्रों में समयबद्ध तरीके से पेयजल उपलब्धता बढ़ाने का राज्यों से आग्रह
Thu Oct 1 , 2026
नयी दिल्ली, 01 अक्टूबर (वार्ता) जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस) ने प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (डीए-जेजीयूए) के तहत जनजातीय क्षेत्रों में पेयजल उपलब्धता में तेजी लाने के लिए दूसरी समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की। विभाग के […]

