इंदौर: एमआईजी थाना क्षेत्र की कृष्णबाग कॉलोनी में चरित्र पर शंका को लेकर हुए विवाद में पत्नी ने पति पर गर्म तेल उड़ेल दिया. घटना में पति गंभीर रूप से झुलस गया. उसकी शिकायत पर एमआईजी पुलिस ने पत्नी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.मालवीय नगर कृष्णबाग कॉलोनी निवासी गजराज बड़ौदे ने पुलिस को बताया कि पत्नी अनिता बड़ौदे उस पर अकारण चरित्र शंका करती रहती है. घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। अनिता ने गजराज को अश्लील गालियां दीं. गजराज ने चरित्र पर संदेह करने और गालियां देने से मना किया तो विवाद बढ़ गया.
आरोप है कि इसके बाद अनिता रसोई में गई और गर्म हो रहा तेल उठाकर गजराज के शरीर पर उड़ेल दिया। गर्म तेल पड़ने से वह बुरी तरह झुलस गया. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए पहुंचे. उन्हें देखकर अनिता ने गजराज को भविष्य में जान से खत्म करने की धमकी भी दी. पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है. एमआईजी थाना प्रभारी चंद्रभाल सिंह ने बताया कि पति की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. शिकायत में चरित्र शंका को लेकर विवाद के बाद गर्म तेल डालने और जान से खत्म करने की धमकी देने का आरोप लगाया है. मामले की जांच की जा रही है.
