
ग्वालियर, रेलवे प्रशासन मंडल में यात्रियों के लिए पेयजल सुविधाओं को लगातार मजबूत कर रहा है। मंडल के 155 स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 3051 पेयजल नल लगाए गए हैं। इनमें दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और आम यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है।
रेलवे के मानकों के अनुसार एनएसजी-2 से एनएसजी-4 श्रेणी के स्टेशनों के प्रत्येक प्लेटफॉर्म पर दिव्यांगजन अनुकूल पेयजल बूथ उपलब्ध कराना अनिवार्य है। झांसी मंडल के 13 प्रमुख स्टेशनों जैसे ग्वालियर,झांसी बांदा, चित्रकूटधाम कर्वी, खजुराहो, ललितपुर, महोबा, मुरैना, अतर्रा, छतरपुर, डबरा, दतिया और उरई में यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इन स्टेशनों के सभी 30 प्लेटफॉर्म पर दिव्यांगजन आसानी से पेयजल बूथ का उपयोग कर सकेंगे।
इन 13 स्टेशनों पर यात्रियों के लिए कुल 1165 पेयजल नल उपलब्ध हैं, ताकि प्लेटफॉर्म पर भीड़ के दौरान भी पानी के लिए परेशानी न हो। दिव्यांगजन के लिए तैयार विशेष बूथों की ऊंचाई और डिजाइन इस तरह रखी गई है कि व्हीलचेयर पर बैठे यात्री भी सरलता से पानी ले सकें।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार पेयजल की गुणवत्ता पर भी निरंतर निगरानी रखी जा रही है। संबंधित विभाग समय-समय पर पानी के नमूनों की जांच करते हैं, जिससे यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल मिल सके।
