
जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत भोलानगर में शनिवार शाम आटोमेटिक पिस्टल से चली गोलियों से हुई युवक की मौत के मामले में रिमांड पर लिए गए आरोपी से पूछताछ के बाद मिले अहम क्लू के बाद पुलिस की टीम खरगौन पहुंच गई है जहां से अवैध हथियार के नेटवर्क समेत अन्य बिन्दुओं पर तफ्तीश की जा रही है।
विदित हो कि अंकित रैकवार निवासी भोलानगर का अपने दोस्त करन के साथ राजा सोनकर के भोलानगर स्थित मकान के ऊपरी हॉल में बैठा था तभी वहाँ लेमा गार्डन निवासी सिद्धांत अपनी पत्नी के साथ आया था और राजा का परिचित ऋषि सोनकर भी पहुँच गया था इसी दौरान राजा सोनकर ने सभी से कहा खरगौन से एक आटोमेटिक पिस्टल आई है, देखना है क्या? सभी के हामी भरते ही राजा ने पलंग के बॉक्स से एक लंबी मैगजीन वाली पिस्टल निकाली और उसे करन की तरफ तान दिया था। तभी अचानक पिस्टल से कई गोलियां चल गईं। करन उर्फ अभिज्ञान 19 वर्षीय निवासी शंकर नगर, मदर टेरेसा की मौत हो गई थी। अंकित घायल हो गया था। राजा सोनकर के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास सहित आम्र्स एक्ट का मामला दर्ज उसे 30 सितम्बर तक कोर्ट से पुलिस रिमांड पर लिया गया है । जबकि उसके पुत्र को भी पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों की माने तो एक टीम खरगौन पहुंची है जहां सप्लायर समेत हथियारों के नेटवर्क समेत अन्य बिन्दुओं पर जांच चल रही है।
