
पिपलियामंडी। पिपलियामंडी पुलिस ने बालागुढ़ा और उमरिया में दिनदहाड़े हुई नकबजनी की दो वारदातों का 48 घंटे में खुलासा करते हुए दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण व नगदी सहित 4 लाख 62 हजार 150 रुपए का चोरी का माल तथा वारदात में प्रयुक्त करीब एक लाख रुपए कीमत की बिना नंबर की होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की गई। कुल जब्त मश्रुका 5 लाख 62 हजार 150 रुपए का है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथुन बाबू उर्फ अलताफ (38) निवासी निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ तथा इजराईल उर्फ कालू मोहम्मद (40) निवासी पितलवाड़ी कला, छोटी सादड़ी, प्रतापगढ़ के रूप में हुई है।
27 सितंबर को बालागुढ़ा निवासी संदीप प्रजापत और उमरिया निवासी पन्नालाल मालवीय ने सूने मकानों के ताले तोड़कर आभूषण व नगदी चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। टीम ने क्षेत्र के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और साइबर सेल की तकनीकी सहायता व मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ा।
आरोपियों की निशानदेही पर बालागुढ़ा की वारदात से 2 लाख 50 हजार 130 रुपए तथा उमरिया की वारदात से 2 लाख 12 हजार 20 रुपए का माल बरामद किया गया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन में मोटरसाइकिल से गांवों में घूमकर सुनसान मकानों की रेकी करते थे। एक आरोपी ताला तोड़कर अंदर जाता, जबकि दूसरा बाहर निगरानी रखता था।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का मध्यप्रदेश व राजस्थान के विभिन्न थानों में आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। मिथुन उर्फ अलताफ के खिलाफ वर्ष 2009 से 2026 तक विभिन्न थानों में 21 प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी विक्रम सिंह इवने सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। नीमच, चित्तौड़गढ़ व निम्बाहेड़ा पुलिस का भी सहयोग मिला।
