भोपाल: राजस्व विभाग द्वारा 3 और 4 अक्टूबर को विकासखंड और नगरीय क्षेत्र स्तर पर सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार आयोजित किया जाएगा. कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सोमवार को सीएम हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अनअटेंडेड शिकायतों और समय-सीमा से बाहर लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने और जुर्माना लगाने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश पहले भी दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद जिन अधिकारियों ने रुचि नहीं दिखाई, उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जाए.
-3 अक्टूबर से शुरू होगा सेवा सेतु अभियान
राजस्व विभाग द्वारा 3 और 4 अक्टूबर को विकासखंड और नगरीय क्षेत्र स्तर पर ‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार अभियान के तहत आमजन को शासन की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ उपलब्ध कराया जाएगा. कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों, वार्डों और जोन स्तर पर बड़े शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि नागरिकों को ग्राम और वार्ड स्तर पर ही पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं मिल सकें.
-फार्मर आईडी और बैंकिंग सेवाओं पर भी जोर
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को ग्राम पंचायत स्तर पर फार्मर आईडी और एग्रीस्टेक पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए. बैरसिया, हुजूर और कोलार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर किसानों की फार्मर आईडी बनाने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया. उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सेवा सेतु शिविरों में बैंकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसान क्रेडिट कार्ड, मत्स्य पालन, दुग्ध उत्पादन और अन्य गतिविधियों के लिए आवश्यक ऋण सुविधाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई जा सकें
