भोपाल। बारिश थमने के बाद शहर की खराब सडक़ों और गड्ढों से राहत देने के लिए नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है. निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने सोमवार को अटल भवन में अधिकारियों की बैठक लेकर मुख्य मार्गों समेत अन्य सडक़ों की मरम्मत और गड्ढे भरने का काम तेजी से करने के निर्देश दिए. 9 मीटर और 7.5 मीटर से अधिक चौड़ी सडक़ों के लिए अलग कार्ययोजना बनाने को कहा गया है. सभी योजनाएं शुक्रवार तक प्रस्तुत करनी होंगी.
-पाइपलाइन खुदाई के बाद सडक़ मरम्मत पर जोर
बैठक में जलप्रदाय, सीवेज और अमृत योजना के तहत सडक़ खुदाई के बाद किए गए रेस्टोरेशन की समीक्षा की गई. आयुक्त ने पाइपलाइन बिछाने के बाद तय मानकों के अनुसार सडक़ की मरम्मत कराने के निर्देश दिए. अमृत योजना के रेस्टोरेशन कार्यों का यांत्रिकी विभाग के इंजीनियरों से निरीक्षण कराने को भी कहा गया. निर्माण के दौरान गड्ढों को अस्थायी रूप से भरकर सडक़ समतल रखने के निर्देश दिए गए.
-पुराने भवनों और प्रमुख स्थानों का भी होगा सुधार
सीवेज लाइनों के जरूरत वाले मेनहोल को शिफ्ट करने के साथ निगम के पुराने भवनों की मरम्मत और रिनोवेशन की योजना बनाने के निर्देश दिए गए. आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को देखते हुए शहर की सडक़ों, पार्कों और प्रमुख स्थानों के व्यवस्थीकरण व सौंदर्यीकरण के संभावित कार्यों की सूची भी तैयार की जाएगी. अधिकारियों को इन सभी कार्यों की विस्तृत योजना और अनुमानित खर्च शुक्रवार तक प्रस्तुत करने को कहा गया है.
