इंदौर: स्वच्छता में नंबर वन का दावा करने वाले शहर में सीवरेज की गंदगी कई सड़कों पर बहती देखी जा रही है. इसी तरह का एक मामला वार्ड 64 के तीन इमली बस स्टैंड के पीछे बस्तियों के मुख्य मार्ग पर देखा गया. यहां पर चैंबर ओवरफ्लो होने से रहवासी परेशान हैं.वार्ड नम्बर 64 में तीन इमली बस स्टैंड के पीछे पवार नगर, पवन नगर, लाल बहादुर शास्त्री नगर, चीतावद नगर, अभिनव नगर जैसी घनी आबादी वाली बस्तियों के मुख्य मार्ग पर सीवरेज का दूषित पानी सड़क पर बहता देखा जा सकता है. सड़क के गड्ढों में गंदा पानी भरा होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही है.
इन क्षेत्रों में फैल रही दुर्गंध से साफ है कि यह बारिश का पानी नहीं, बल्कि सीवरेज चैंबर से निकलने वाला दूषित पानी ही है. नव भारत की टीम को इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों ने बताया कि यहां चैंबर आए दिन चोक होकर ओवरफ्लो हो रहे है. बस्ती की कई सीवरेज लाइनें इन्ही मेन लाइनों से जुड़ी हैं. मेन लाइन का आकार छोटा होने और समय पर सफाई नहीं होने से गाद जमा हो जाती है, जिससे लाइन का फ्लो प्रभावित जो जाती है. चैंबर चोक होते ही बस्ती की कई लाइनें जाम हो जाती हैं और गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है. इससे बदबू के साथ मच्छर और कीड़े पनप रहे हैं, जिससे क्षेत्र में बीमारियां फैल रही हैं. रहवासियों का आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है.
आठ दिन से बह रहा गंदा पानी…
पिछले आठ दिन से लगातार गटर का गंदा पानी सड़क पर जैसा बह रहा है. कचरा गाड़ी वाले देखते हुए चले जाते हैं, लेकिन चैंबर सफाई करने वाले नहीं आते.
— रमेश मेहता
आगे वाला चैंबर चोक होते ही बस्ती के अधिकतर चैंबरों से गंदा पानी बहने लगता हैं. सफाई कर्मचारी को बुलाने पर वह साफ तो करते हैं, लेकिन तीसरे दिन बाद फिर वही हाल हो जाता है. इसका स्थाई निराकरण नहीं हो रहा.
— सरोज ठाकुर
इतनी गंदगी बहती है कि लोगों को आने-जाने में कई तरह की परेशानी होती है. मैं अंदर बस्ती में रहता हूं, मजबूरी में मुझे कई बार घूमकर जाना पड़ता है.
— छोगा लाल
सुनसान क्षेत्र के चैंबरों के ढक्कन चोरी हो जाते हैं. कई बार नए ढक्कन लगा चुके हैं. जल्द ही सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाकर लाइन और चैंबर की सफाई का कार्य करवाता हूं.
— मनीष शर्मा, पार्षद
