नेपाल आयात करेगा भारत से 1,154 मेगावाट बिजली

काठमांडू, (वार्ता) नेपाल आगामी सर्दियों में बिजली की कमी से बचने के लिए भारत से 1,154 मेगावाट बिजली आयात करेगा। हाल में बाढ़ और भूस्खलन के कारण देश में घरेलू बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है।

नेपाल विद्युत प्राधिकरण (एनईए) के कार्यकारी निदेशक दीर्घायु कुमार श्रेष्ठ के अनुसार, भारत से धल्केबर-मुजफ्फरपुर ट्रांसमिशन लाइन के जरिए 600 मेगावाट, टनकपुर-महेंद्रनगर मार्ग से 54 मेगावाट और बिहार के विभिन्न ट्रांसमिशन बिंदुओं से 350 मेगावाट बिजली आयात की जाएगी। इसके अलावा आरटीसी के जरिए 150 मेगावाट बिजली मिलेगी।

एनईए के अनुसार, आगामी शुष्क मौसम में नदी का जलस्तर घटने से घरेलू बिजली उत्पादन घटकर 1,218 मेगावाट रह सकता है। भारत से आयातित बिजली जोड़ने पर कुल उपलब्धता 2,372 मेगावाट होगी, जबकि पिछले वर्ष देश की अधिकतम मांग 2,292 मेगावाट रही थी।

27 अगस्त को भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में आई बाढ़ से 430 मेगावाट बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है। प्राधिकरण के अनुसार, आयात के प्रभावी प्रबंधन से करीब 750 मेगावाट की आंतरिक कमी के बावजूद उपभोक्ताओं को नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।

 

 

Next Post

जिले के सभी गांवों में घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था

Tue Sep 29 , 2026
इंदौर: सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक हुई. बैठक में जिले के सभी 610 गांवों में घर-घर से कचरा संग्रहण करने एवं सभी शासकीय भवनों और प्रधानमंत्री आवास में वॉटर रिचार्जिंग कार्य करने का निर्णय लिया गया.आज कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में जिला […]

You May Like