जबलपुर:लार्डगंज थाना क्षेत्र में गणपति विसर्जन के दौरान डांस करने को लेकर शुरू हुआ विवाद आधी रात को खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। हथियारों से लैस बदमाशों ने सरेराह तलवार, चाकू और बेसबॉल के डंडों से हमला कर एक बुजुर्ग महिला और उसके बेटों सहित कुल 9 लोगों को लहुलूहान कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने मोहल्ले में खड़े ई-रिक्शा में भी भारी तोड़फोड़ कर दहशत फैलाई। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी अनुसार मोनू अहिरवार 39 वर्ष, निवासी रविनगर गढ़ा द्वारा दर्ज कराई कि बीती रात समिति जब गणपति विसर्जन के लिए हनुमानताल तालाब की ओर जा रही थी, तभी सराफा चौराहे कोतवाली के पास ढोल पर डांस करने की बात को लेकर कपिल सोनकर और राहुल सोनकर का विवाद यश व युवराज अहिरवार से हो गया था। उस समय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन उसी रात राजा रसगुल्ला की गली में आरोपियों ने दोबारा रोककर मारपीट की थी, जिसकी रिपोर्ट कोतवाली थाने में भी दर्ज कराई गई थी।
इसी रंजिश का बदला लेने के लिए आधी रात को आरोपी तरुण सोनकर ने पहले मोहल्ले के ओम और दीपक अहिरवार को छोटी मस्जिद वाली गली में ज्यादा उड़ने पर देख लेने की धमकी दी। इसके महज 15 मिनट बाद ही आरोपी कपिल सोनकर, राहुल सोनकर और तरुण सोनकर तलवार,चाकू लहराते हुए अपने साथी यश और शेरू सोनकर के साथ पूरी तैयारी से मोहल्ले में आ धमके। मोहल्ले में घुसते ही बदमाशों ने आतंक मचाना शुरू कर दिया। वहां पड़े ईंट-पत्थरों को उठाकर रास्ते में खड़े दो ई-रिक्शों पर दे मारा, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। जैसे ही मोनू की बुजुर्ग मां इमरती बाई, उनके भाई दीपक, विपिन, अमित और बचाव करने दौड़े पड़ोसी विवेक, अभिषेक, यश, युवराज, ललित जाटव सामने आए, आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।
