मलप्पुरम (वार्ता) केरल में नीलांबुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मंगलवार को चुनाव प्रचार अभियान समाप्त हो गया।
उपचुनाव के लिए 19 जून को मतदान होंगे।
विपक्षी कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और सत्तारुढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ( माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) , भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) ने अंतिम कुछ घंटों के दौरान अपने प्रचार अभियान को तेज कर दिया है।
यूडीएफ उम्मीदवार आर्यदान शौकत ने कहा कि सत्ता विरोधी भावना उन्हें अच्छे अंतर से चुनाव जीतने में मदद करेगी, जबकि एलडीएफ उम्मीदवार एम स्वराज ने कहा कि लोग एलडीएफ सरकार की उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें वोट देंगे। भाजपा उम्मीदवार मोहन जॉर्ज ने कहा कि लोग बदलाव चाहते हैं, इसलिए वे इस चुनाव में राजग के पक्ष में मतदान करेंगे।
नीलांबुर निर्वाचन क्षेत्र में सात पंचायतें और एक नगर पालिका है। जनवरी 2024 में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) समर्थित निर्दलीय विधायक पी वी अनवर के इस्तीफे के बाद यह सीट रिक्त है। श्री अनवर एलडीएफ से अलग हो गए और अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए और इसके प्रदेश संयोजक बनाये गये हैं।
परिणाम 23 जून को घोषित किए जाएंगे।
