सतना : जिले के कोलगवां थाना पुलिस ने एक रुपए की अड़ीबाजी कर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
हनुमान नगर निवासी 35 वर्षीय रावेन्द्र सिंह गणेश उत्सव के लिए ढोलक मास्टर को बुलाने जा रहे थे. रास्ते में शराब दुकान के पास आरोपियों ने उन्हें रोका और नशे के लिए एक रुपये की मांग की. पैसे देने से मना करने पर बाबू दाहिया ने डंडे से और रवि रैकवार ने चाकू से रावेन्द्र के सिर, कमर व पैर पर ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया. इस दौरान उनके साथी प्रतीक उर्फ मंजू यादव और दुर्गेश उर्फ कन्धू बरगाही ने गालियां देते हुए मारपीट की और हमलावरों को उकसाया. राहगीरों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले.
घायल रावेन्द्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसके बयान पर पुलिस ने बीएनएस की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया. पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों, आदर्श नगर निवासी दुर्गेश बरगाही (32) और हनुमान नगर निवासी प्रतीक यादव (19) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया. न्यायालय के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया है.
