सेवा संकल्प अभियान में सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करें : जामवाल

मंदसौर। भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शनिवार को शुभकामना रिसॉर्ट में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ की मंदसौर संभागीय बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान के कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सेवा, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी के भाव के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया।

जामवाल ने कहा कि भाजपा के लिए सत्ता सेवा का माध्यम है। कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग से निरंतर संपर्क एवं संवाद बनाए रखें और लोगों की आवश्यकताओं को समझकर समाधान की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं। सेवा संकल्प यात्राओं को व्यापक जनभागीदारी से सफल बनाने के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने पुराने कार्यकर्ताओं का सम्मान करने तथा युवाओं को संगठन और सेवा कार्यों से जोड़ने पर भी जोर दिया।

संभाग संगठन प्रभारी सुरेश आर्य ने कहा कि कार्यकर्ताओं को कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों के आरोपों और दुष्प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित करने पर जोर दिया।

बैठक में मंदसौर, रतलाम एवं नीमच जिलाध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों में हुए संगठनात्मक कार्यों एवं सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक स्थल पर ‘वोकल फॉर लोकल’ के तहत स्वदेशी सामग्री के स्टॉल भी लगाए गए।

इससे पूर्व जामवाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत नवीन भाजपा कार्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा कार्यालय निर्माण की जानकारी प्राप्त की। बैठक में प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया, राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री चैतन्य कश्यप, विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा पदाधिकारी एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला टोली के सदस्य उपस्थित रहे। संचालन नीमच जिला संगठन प्रभारी सुभाष पटेल ने किया तथा आभार भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश दीक्षित ने माना।

Next Post

तालाब में डूबा युवक लिव इन पार्टनर के साथ गया था उंडासा

Sat Sep 26 , 2026
उज्जैन। बापूनगर का रहने वाला युवक उंडासा तालाब पहुंचा था और गणेश विर्सजन स्थल से दूर अपनी प्रतिमा विसर्जित करने पहुंच गया। जहां वह नहाने के लिये तालाब में उतर गया और गहरे पानी में जाने से डूब गया। युवक के डूबने की खबर मिलने पर होमगार्ड की टीम सर्चिंग […]

You May Like