
भोपाल। बीएचईएल भोपाल की फुटबॉल टीम ने बीएचईएल त्रिची में आयोजित इंटर-यूनिट फुटबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ टीम ने अपने गौरवशाली खेल इतिहास में एक और उपलब्धि जोड़ दी है।
बीएचईएल भोपाल की टीम ने इस टूर्नामेंट में लगातार छठी बार चैंपियनशिप जीतकर खेल उत्कृष्टता, अनुशासन और मजबूत टीम भावना का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में गोलकीपर श्याम सोरेन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और टाई-ब्रेकर में टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रदर्शन किया तथा खेल भावना की मिसाल पेश की। लगातार मिल रही सफलताओं से बीएचईएल भोपाल की अंतर-इकाई खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिष्ठा और मजबूत हुई है। यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।
