
मंदसौर। जिला पंचायत में पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI 1.0) वर्ष 2022-23 के प्रचार-प्रसार हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती दुर्गा विजय पाटीदार ने की, जबकि सीईओ अनुकूल जैन व अति सीईओ आर.पी. सिंह पंवार उपस्थित रहे। कार्यशाला में 9 विषयों पर प्रदर्शन के आधार पर श्रेष्ठ ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया। प्रथम स्थान सेमली कंकड़ को 11,000 रुपये, द्वितीय भरतपुरा को 7,100 रुपये, तृतीय खजुरी गौड़ को 5,100 रुपये मिले। सात पंचायतों को 2,100 रुपये व प्रशस्ति पत्र, तथा दस पंचायतों को सांत्वना पुरस्कार दिए गए। सीईओ ने कहा कि सम्मान प्रेरणा के साथ सुधार की चुनौती भी है। जिला समन्वयक प्रदीप शर्मा ने बताया कि PAI 1.0 स्थानीय जरूरतों और सतत विकास लक्ष्यों पर आधारित है, जो पंचायतों के कार्यों को अधिक सार्थक बनाता है। कार्यक्रम का संचालन नदीम और आभार प्रदीप चौहान ने व्यक्त किया।
