भोपाल। भारी उद्योग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बीएचईएल भोपाल में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के तहत कारखाना परिसर, टाउनशिप और सार्वजनिक क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य परीक्षण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम तथा सिंगल-यूज प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में पीएम श्री शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बरखेड़ा में करीब 250 विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को 3आर—कम उपयोग, पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण की अवधारणा के साथ कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कक्षा 6 से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए ‘वेस्ट टू यूटिलिटी/वेस्ट टू आर्ट’ प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने अनुपयोगी सामग्री से आकर्षक एवं उपयोगी वस्तुएं बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित की।
