छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, बस्तर में स्कूल बंद; 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

रायपुर, 25 सितंबर (वार्ता) छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला लगातार जारी है और राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बीती रातभर से वर्षा हो रही है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के कारण इंद्रावती नदी उफान पर है तथा निचले इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

लगातार बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बस्तर जिले में आज सभी स्कूल बंद रखे गए हैं। वहीं रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन के कारण किरंदुल-विशाखापट्टनम रूट की 2 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। खराब मौसम के चलते जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट भी रद्द की गई है।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 17 जिलों के लिए ऑरेंज और 11 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में मध्यम बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, जबकि यलो अलर्ट वाले जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक के आसार हैं।

विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना गहरा लो प्रेशर एरिया उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

वहीं उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और उससे लगे दक्षिणी ओडिशा के ऊपर बना डीप डिप्रेशन उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। इसके धीरे-धीरे कमजोर होने के बावजूद मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ में इसका प्रभाव बारिश के रूप में बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।

राजधानी रायपुर में भी रातभर से बारिश जारी है। मौसम विभाग के अनुसार आज शहर का अधिकतम तापमान 27डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Next Post

इटली, जर्मनी और फ्रांस पर रूसी ड्रोन हमले का मंडराया खतरा, अमेरिकी खुफिया एजेंसी का दावा

Fri Sep 25 , 2026
वाशिंगटन, स्पेनिश मीडिया रिपोर्ट के अनुसार रूस इटली, जर्मनी व फ्रांस की टूरिस्ट जगहों पर जहाजों से ड्रोन हमलों की साजिश रच रहा है, जिसकी चेतावनी अमेरिकी एजेंसियों ने दी है। रूस द्वारा यूरोप के नाटो देशों पर सीमित सैन्य हमलों की आशंका से पश्चिमी खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर आ […]

You May Like