
ब्यावरा। गुरुवार शाम खेत से घास काटने को लेकर दो सगे भाइयों के परिवारों में विवाद हो गया. दोनों पक्षों में लाठी, पत्थर और फर्सी से मारपीट हुई. घटना में करीब 6 लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों को खिलचीपुर अस्पताल लाया गया. इनमें 60 वर्षीय मदन सिंह के सिर में गंभीर चोट लगी है. उन्हें इलाज के लिए रेफर किया गया है.
घायल मदन सिंह को अस्पताल लेकर पहुंचे उनके भानेज मनोज ने बताया कि मदन सिंह सुबह खेत पर गए थे. वहां उनके छोटे भाई बलवंत सिंह ने उनके खेत से चारा काट लिया था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और झूमाझटकी हुई. बाद में गांव में दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया. उन्होंने आरोप लगाया कि बलवंत सिंह और उनकी पत्नी रेशम बाई ने मदन सिंह पर लाठी और फर्सी से हमला किया. बीच-बचाव करने आए मनोज के साथ भी मारपीट की गई
मारपीट में मदन सिंह के सिर में गंभीर चोट आई. उनकी हालत को देखते हुए उन्हें खिलचीपुर अस्पताल से रेफर किया गया. दूसरे घायलों के सिर, चेहरे, हाथ और पैर में चोटें आई हैं.
दूसरे पक्ष ने कहा- विवाद की वजह कुछ और थी
शाम करीब 6 बजे बलवंत सिंह के परिवार के लोग भी थाने पहुंचे. रेशम बाई के सिर में चोट लगी थी. खून निकल रहा था. उनके भानेज श्याम सिंह ने बताया कि विवाद घास काटने को लेकर नहीं, बल्कि किसी अन्य वजह से हुआ था. उनकी तरफ से बलवंत सिंह, रेशम बाई, मनीष और वह खुद घायल हुए हैं.
दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज
दोनों पक्षों ने खिलचीपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है. घायलों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है.
