शेयर बाजारों में भारी गिरावट, प्रमुख सूचकांक 1.6 फीसदी टूटे

मुंबई, 24 सितंबर (वार्ता) पश्चिम एशिया संकट के समाधान की उम्मीदें और धूमिल होने से गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में भारी गिरावट रही तथा प्रमुख सूचकांक 1.6 प्रतिशत से अधिक टूट गये।
चौतरफा बिकवाली के दबाव में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,247.71 अंक (1.67 प्रतिशत) लुढ़ककर 73,580.54 अंक पर बंद हुआ। यह इस साल 08 जून के बाद का इसका निचला स्तर है। बीच कारोबार में एक समय यह 73,564 अंक तक उतर गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक कारोबार की समाप्ति पर 383.70 अंक यानी 1.64 प्रतिशत नीचे 23,063.10 अंक पर रहा। यह इस साल 06 अप्रैल के बाद का इसका निचला स्तर है। निफ्टी-50 की पचास में से 47 कंपनियों के शेयर लाल निशान में रहे। बीएसई में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया लिमिटेड का शेयर आज 1,800 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ। इसका निर्गम मूल्य 1,785 रुपये था। एक समय यह 1,878 रुपये पर पहुंच गया था, लेकिन अंत में 1,818 रुपये पर बंद हुआ।

ईरान के शर्तें मानी जाने के बाद ही समझौते वाले बयान से पश्चिम एशिया संकट सुलझने की उम्मीद और कम हो गयी है। इससे निवेश धारणा कमजोर हुई है। साथ ही, कच्चे तेल में तेजी और रुपये में गिरावट का असर भी घरेलू बाजारों पर दिखा।

बाजार में बिकवाली इस कदर हावी रही कि वृहत बाजार में और सेक्टर आधारित समूहों में सभी सूचकांक लाल निशान में रहे। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 2.57 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 1.53 प्रतिशत टूट गए। बाजार में उथल-पुथल को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स सूचकांक 22.54 के ऊंचे स्तर पर पहुंच गया।

वित्त, बैंकिंग, धातु, ऑटो, एफएमसीजी, तेल एवं गैस, रियल्टी और रसायन समूहों के सूचकांक एक फीसदी से ज्यादा टूटे। एनएसई में जिन 3,629 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ उनमें से 2,586 के शेयर लुढ़क गए और 942 के ऊपर बंद हुए। अन्य 101 कंपनियों के शेयर अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से 29 के शेयर लाल निशान में रहे जबकि एनटीपीसी का शेयर स्थिर बंद हुआ। बजाज फाइनेंस में 5.47 पांच प्रतिशत की गिरावट देखी गई। एक्सिस बैंक का शेयर 4.67 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व का 4.06, इंडिगो का 2.78, ट्रेंट का 2.75, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.31, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 2.25, एशियन पेंट्स का 2.22, भारती एयरटेल का 2.18 और एलएंडटी का 2.11 प्रतिशत कमजोर हुआ।

कोटक महिंद्रा बैंक 1.86 प्रतिशत, इटरनल 1.75, मारुति सुजुकी 1.57, भारतीय स्टेट बैंक1.51, अडानी पोर्ट्स 1.34, पावरग्रिड 1.26, टाटा स्टील 1.23, एचडीएफसी बैंक1.16, टाइटन 1.03, बीईएल 1.01, इंफोसिस 0.99, अल्ट्राटेक सीमेंट 0.95 और हिंदुस्तान यूनीलिवर 0.92 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। एचसीएल टेक्नोलॉजीज, आईटीसी, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, टीसीएस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर भी गिरावट में रहे।

वैश्विक स्तर पर एशिया में जापान का निक्केई 0.76 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। चीन का शंघाई कंपोजिट 1.22 प्रतिशत और हांगकांग का हैंग सेंग 0.29 प्रतिशत फिसल गया। यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.34 प्रतिशत और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.01 प्रतिशत नीचे रहा।

.....

Next Post

चीनी, चावल, दालों में नरमी, खाद्य तेलों में घट-बढ़

Thu Sep 24 , 2026
नयी दिल्ली, 24 सितंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में गुरुवार को चीनी का औसत भाव गिर गया। चीनी के साथ चावल और दालों में भी नरमी रही। गेहूं के भाव स्थिर रहे जबकि खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया। मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत […]

You May Like