बीएमओ सहित स्टॉफ नदारद, कई कमरों पर लटके मिले ताले

बुधनी। सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मिल रही शिकायतों के बीच बुधवार सुबह एसडीएम संजीव कुमार नागू ने अचानक अस्पताल का निरीक्षण किया.

एसडीएम के अस्पताल पहुंचते ही व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ गई. ड्यूटी समय में बीएमओ सहित कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं मिले. वहीं ड्यूटी चार्ट भी अपडेट नहीं पाया गया. अस्पताल के कई कमरों में ताले लटके मिलने पर भी एसडीएम ने नाराजगी जताई.

एसडीएम सुबह करीब 10 बजे सिविल अस्पताल पहुंचे और आधे घंटे तक विभिन्न वार्डों एवं अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान ओपीडी में कुछ डॉक्टर मरीजों का उपचार करते मिले, लेकिन ड्यूटी व्यवस्था में खामियां सामने आई. एसडीएम ने अस्पताल की साफ-सफाई, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जानकारी ली.

एसडीएम ने पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों और उनके परिजनों से बातचीत की तथा बच्चों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली. इसके बाद महिला वार्ड में भर्ती मरीजों से भी मिलने वाली सुविधाओं और उपचार व्यवस्था के बारे में पूछा. अस्पताल परिसर में जगह-जगह जमा कचरे को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए.

एसडीएम के निरीक्षण की जानकारी मिलने पर बीएमओ डॉ. धनजीत बड़ोदिया वहां पहुंचे, लेकिन तब एसडीएम अस्पताल से बाहर निकल रहे थे. ड्यूटी समय में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त की. एसडीएम श्री नागू ने बताया कि सिविल अस्पताल की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं. इसी के चलते औचक निरीक्षण किया गया. अनुपस्थित डॉक्टरों और कर्मचारियों के संबंध में स्पष्टीकरण लेने सीएमएचओ को पत्र लिखा जाएगा. उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और जमा कचरा हटाने के निर्देश भी दिए.

 

Next Post

परीक्षा हाल में भंडारा कराने का विरोध

Thu Sep 24 , 2026
सीहोर। पीजी कॉलेज में प्राचार्य कक्ष से डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर हटाने और परीक्षा हॉल का एबीवीपी के कार्यक्रम के लिए उपयोग किए जाने के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं एवं छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया. ्र एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हरिओम सिसोदिया ने आरोप लगाया कि प्राचार्य रोहिताश्व शर्मा द्वारा प्राचार्य […]

You May Like