नयी दिल्ली, (वार्ता) ओमान के पूर्वी तट के पास बुधवार को ‘एमवी केप दाओ’ नामक व्यापारिक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि 19 अन्य भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया।
भारत ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है और क्षेत्र में शांति की शीघ्र बहाली तथा तनाव कम करने के लिए कूटनीति एवं संवाद के अपने आह्वान को दोहराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंटीगुआ एवं बारबुडा के ध्वज वाला यह बल्क कैरियर पोत होर्मुज जलडमरूमध्य और मुसंदम गवर्नरेट के पास अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग से भारत की ओर आ रहा था। इसी दौरान उस पर दो टॉरपीडो से हमला किया गया, जिससे जहाज में आग लग गई और उसका नियंत्रण एवं बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
जहाज पर कुल 28 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें 20 भारतीय नाविक शामिल थे। ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र ने 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जान गंवाने वाले भारतीय नाविक का संबंध उत्तर प्रदेश से बताया जा रहा है।
विदेश मंत्रालय ने एक बयान जारी कर पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और भारतीय नाविकों की शीघ्र स्वदेश वापसी के लिए ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है। इसके साथ ही भारत ने बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान सरकार का आभार भी व्यक्त किया।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर लगातार हो रहे हमले अत्यंत चिंताजनक हैं। ऐसे हमलों से अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में वाणिज्यिक जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना तुरंत बंद होना चाहिए और निर्बाध नौवहन की स्वतंत्रता बहाल की जानी चाहिए।”
