
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में व्यवस्थाओं का जायजा लेने कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने बुधवार को विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नवयुग कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय और जीएस महाविद्यालय में बीएससी बीएड एवं बीए बीएड वर्ष 2025 की द्वितीय पाली की परीक्षाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद श्रीजानकीरमण महाविद्यालय और महिला हितकारिणी महाविद्यालय पहुंचकर एलएलबी चतुर्थ सेमेस्टर वर्ष 2025 की परीक्षा व्यवस्था देखी। कुलगुरु ने परीक्षा केन्द्रों पर प्राचार्यों, केन्द्राध्यक्षों और वीक्षकों से चर्चा कर परीक्षा संचालन, व्यवस्थाओं और निगरानी की जानकारी ली। उन्होंने परीक्षा कक्षों का जायजा लेने के साथ केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की स्थिति भी देखी और संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्य, केन्द्राध्यक्ष एवं सहायक केन्द्राध्यक्ष मौजूद रहे।
