इंदौर: रीगल चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा के नीचे पिछले सात दिनों से जल-अनशन पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता प्रह्लाद पांडेय से मंगलवार शाम प्रशासनिक अधिकारियों ने मुलाकात की. एसडीएम धनगर के साथ नगर निगम रिमूवल विभाग के अधिकारी बबलू कल्याणे और स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सक मौजूद थीं.अधिकारियों ने पांडेय को बताया कि शहर में नियम-विरुद्ध लगाए गए बैनर, पोस्टर और होर्डिंग हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
निगम अधिकारी ने 30-40 स्थानों पर की गई कार्रवाई के फोटोग्राफ भी दिखाए. स्वास्थ्य जांच में पांडेय का ब्लड शुगर काफी कम पाया गया. चिकित्सक ने उन्हें तत्काल उपचार और अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी. एसडीएम ने भी जल-अनशन समाप्त कर उपचार कराने का आग्रह किया. पांडेय ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अवैध विज्ञापन सामग्री के खिलाफ कार्रवाई निरंतर और निष्पक्ष रूप से जारी रहनी चाहिए. उन्होंने कहा कि कार्रवाई से संतुष्ट होने के बाद ही अनशन समाप्त करने पर विचार करेंगे.
