20 लाख की चोरी का सुराग न लगने पर भड़के ग्रामीण, 29 सितंबर को कोतवाली घेराव और चक्काजाम की चेतावनी

शाजापुर, शाजापुर में आदर्श नवीन नगर में सहकारिता विभाग के जिला अध्यक्ष लखन कुम्भकार के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस की नाकामी से नाराज परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। चोरी की घटना को एक माह बीतने को है, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। इससे व्यथित होकर ग्रामीणों और परिजनों ने पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर 7 दिनों के भीतर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

पीड़ित परिवार द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, 28 अगस्त को लखन कुम्भकार पिता स्व. फतेहसिंह कुम्भकार के घर पर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर लगभग 20.00 लाख रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया था। अगले दिन 29 अगस्त को कोतवाली ए.बी. रोड शाजापुर में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर मदाना के ग्रामीणों, समाजजनों और शाजापुर के नगरवासियों में गहरा रोष व्याप्त है। ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई है कि यदि कोतवाली शाजापुर पुलिस द्वारा अगले 7 दिनों में चोरी का सुराग नहीं लगाया गया, तो 29 सितम्बर को समस्त ग्रामवासी, पीड़ित परिवार और नगरवासी मिलकर थाना कोतवाली पुलिस शाजापुर का घेराव करेंगे और चक्काजाम करेंगे।

ग्रामीणों ने स्पष्ट किया है कि यदि आंदोलन के दौरान कोई अप्रिय स्थिति निर्मित होती है, तो उसकी समस्त जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में पीड़ित लखन कुम्भकार सहित बड़ी संख्या में मदाना और शाजापुर के ग्रामीण व नागरिक उपस्थित रहे

Next Post

देश में 100 विमानों वाली कम से कम पांच विमान सेवा कंपनियों की जरूरत: नायडू

Tue Sep 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राम मोहन नायडू ने मंगलवार को कहा कि देश के विमानन क्षेत्र केवल दो एयरलाइंस का दबदबा सही नहीं है और भविष्य की मांग को देखते हुए 100 विमानों वाली कम से कम पांच विमान सेवा कंपनियों की जरूरत है। देश […]

You May Like