राज्यसभा की 12 सीटों के लिए चुनाव, उप-चुनाव 16 अक्टूबर को, चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव 23 अक्टूबर को

नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) चुनाव आयोग ने राज्य सभा के लिए उत्तर प्रदेश से 10 , उत्तराखंड से एक सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव तथा पश्चिम बंगाल से राज्य सभा के लिए एक रिक्त सीट के लिए उपचुनाव 16 अक्टूबर को कराने की घोषणा की है।
आयोग ने राज्य सभा की इन 12 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने के साथ ही बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की विधान परिषदों में स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 28 सीटों के लिए चुनाव 23 अक्टूबर को कराने के कार्यक्रम भी घोषित किये हैं। इनमें बिहार विधान परिषद की आठ, कर्नाटक की चार, महाराष्ट्र की पांच और उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटें हैं। इन सीटों के प्रतिनिधियों का कार्यकाल नवंबर-दिसंबर में समाप्त होने जा रहा है।
आयोग ने मंगलवार को इन चुनावों की घोषणा करते एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा राज्यसभा की सभी 12 सीटों के लिए चुनाव और उप चुनाव की अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी और इनके लिए नामांकन 6 अक्टूबर तक भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी और उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।

आवश्यकता पड़ने पर मतदान 16 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे शुरू होगी।
राज्य सभा के लिए इन चुनावों की प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।
आयोग की विज्ञप्ति के अनुसार राज्य सभा में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर रहे अरुण सिंह, गीता उर्फ चंद्रप्रभा, नीरज शेखर, बृजलाल, प्रो. राम गोपाल यादव, रामजी, बी. एल. वर्मा, सीमा और हरदीप सिंह पुरी तथा उत्तराखंड से नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होने वाला है। उत्तर प्रदेश से डॉ. दिनेश शर्मा की सीट उनके इस्तीफे के कारण 11 सितंबर से रिक्त है।
पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव सुश्री रुक्मिणी मल्लिक के 16 जुलाई को इस्तीफे देने के बाद से रिक्त है। उनका कार्यकाल दाे अप्रैल 2032 तक था।
राज्यसभा चुनाव आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत एकल संक्रमणीय मत के माध्यम से होंगे। इसमें संबंधित राज्यों की विधानसभाओं के निर्वाचित सदस्य राज्यसभा सदस्यों का चुनाव करते हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश सहित चार राज्यों में विधान परिषद की 28 सीटों के द्विवार्षिक चुनावों के लिए अधिसूचना 29 सितंबर को जारी की जाएगी। इनके लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर, नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर और नाम वापस लेने की अंतिम तारीख नौ अक्टूबर होगी।
मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। आयोग ने पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी करने का निर्देश दिया है।
आयोग की विज्ञप्ति के अरनुसार बिहार में चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों, पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी तथा चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण से सदस्य चुने जाएंगे।
इन सीटों से निर्वाचित सर्वश्री नीरज कुमार, सर्वेश कुमार, बंसीधर ब्रजवासी, डॉ. एन.के. यादव, नवल किशोर यादव, डॉ. मदन मोहन झा, संजय कुमार सिंह और श्री अफाक अहमद का कार्यकाल 16 नवंबर को समाप्त होगा।
कर्नाटक में दो स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए निर्वाचित सर्वश्री चिदानंद एम. गौड़ा, एस.वी. संकनूर, शशिल जी. नमोशी और श्री पुट्टन्ना का कार्यकाल 11 नवंबर को समाप्त होगा। महाराष्ट्र विधान परिषद में तीन स्नातक और दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव कराये जा रहे हैं। इन सीटों का प्रतिनिधित्व कर रहे सदस्यों सर्वश्री सतीश भानुदासराव चव्हाण, अरुण गणपति लाड, अभिजीत गोविंदराव वांजर्री, सरनाइक किरण रामराव और जयंत दिनकर आसगांवकर का कार्यकाल 6 दिसंबर को समाप्त होगा।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। इनके प्रतिनिधियों सर्वश्री इंजी. अवनीश कुमार सिंह, आशुतोष सिन्हा, डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’, दिनेश कुमार गोयल, डॉ. मान सिंह यादव, उमेश द्विवेदी, लाल बिहारी यादव, डॉ. आकाश अग्रवाल, श्रीचंद शर्मा, हरि सिंह ढिल्लों और ध्रुव कुमार त्रिपाठी शामिल हैं का कार्यकाल छह दिसंबर
को समाप्त होगा।
चुनाव कार्यक्रमों की इन घोषणाओं के साथ संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

.....

Next Post

दिल्ली में खुद को पुलिसकर्मी बताकर तीन पुरुषों ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, मुठभेड़ के बाद एक आरोपी गिरफ्तार

Tue Sep 22 , 2026
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी के कालकाजी मंदिर इलाके के पास तीन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद मुख्य आरोपियों में से एक […]

You May Like