कोलकाता, 21 सितंबर (वार्ता) पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी ममता अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने नया लोगो जारी किया है।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग के अंतरिम निर्देश के तहत पार्टी के इस धड़े को पुराने नाम और दो फूल वाले चुनाव चिह्न का इस्तेमाल करने से रोक दिया गया है।
नये लोगो के केंद्र में पार्टी के प्रतीक के रूप में एक फुटबॉल खिलाड़ी को दर्शाया गया है। इसमें नीले रंग की पृष्ठभूमि पर सफेद रंग से ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ लिखा गया है। लोगो में केसरिया, सफेद और हरे रंग का भी इस्तेमाल किया गया है। पार्टी की ओर से यह कदम पूर्वी मिदनापुर के नंदीग्राम और मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से पहले उठाया गया है।
कोलकाता और हावड़ा नगर निगमों के चुनाव भी दुर्गा पूजा उत्सव के बाद होने की संभावना है। इस बात की भी जोरदार चर्चा है कि पंचायत चुनाव समय से पहले कराए जा सकते हैं।
चुनाव आयोग की अंतरिम व्यवस्था अभी लागू होने के कारण सुश्री बनर्जी और श्री ऋतब्रत समूहों को भविष्य में होने वाले चुनाव अपने लिए निर्धारित किए गए नये नाम और चुनाव चिह्नों के साथ लड़ना पड़ सकता है।
इसी को देखते हुए ममता तृणमूल ने मतदाताओं को अपने नये चुनाव चिह्न से परिचित कराने के प्रयास शुरू कर दिये हैं। पार्टी ने सभी स्तरों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों से अपने-अपने मंचों के माध्यम से नए लोगो और चुनाव चिह्न का प्रचार करने को कहा है।
ममता तृणमूल के कई सांसदों और विधायकों ने सोमवार को अपराह्न से सोशल मीडिया पर नये लोगो की तस्वीरें पोस्ट करना शुरू कर दिया।
चुनाव आयोग ने कालीघाट और ऋतब्रत समूहों के बीच चल रहे विवाद के बीच पिछले गुरुवार रात अपना अंतरिम आदेश जारी किया था। आयोग ने कहा था कि ‘ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और दो फूल वाले चुनाव चिह्न को फिलहाल ‘जब्त’ रखा जाएगा।
आयोग ने कहा था कि पार्टी के स्वामित्व, उसके वैध गुट और पार्टी के कोष पर नियंत्रण से जुड़े मुद्दों का अंतिम फैसला होने के बाद ही नाम और चुनाव चिह्न जारी किए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग के अंतरिम फैसले के एक दिन बाद आयोग ने छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनावों को देखते हुए दोनों गुटों को अस्थायी नाम और चुनाव चिह्न आवंटित किये।
ममता समूह को ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और फुटबॉल खिलाड़ी का चुनाव चिह्न दिया गया, जबकि ऋतब्रत समूह को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम और लिफाफे का चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। दोनों गुट छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव इन अंतरिम नामों और चुनाव चिह्नों के तहत लड़ेंगे।
