ग्वालियर। इंदरगंज थाना क्षेत्र के शिंदे की छावनी स्थित मॉडर्न पेट्रोल पंप पर 10 दिन पहले हुए भीषण अग्निकांड में गंभीर रूप से झुलसे टैंकर क्लीनर की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों व स्थानीय लोगों ने शिंदे की छावनी पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। मृतक 48 वर्षीय महफूज खान पिता महबूब खान निवासी गोल पहाड़िया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 सितंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे महफूज टैंकर से अंडरग्राउंड टैंक में पेट्रोल खाली (शिफ्टिंग) करा रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क गई और वह 90 प्रतिशत तक झुलस गया।
उसे पहले जेएएच के बर्न यूनिट और बाद में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां दरमियानी रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. कोक सिंह की जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि सेकंड नोज में वैक्यूम बनने से पेट्रोल के महीन कण हवा में फैले और पास खड़ी बाइक के गर्म इंजन की चिंगारी से भयंकर आग लग गई। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। हादसे के बाद प्रशासन ने पंप को सील कर दिया था।
इंदरगंज थाना प्रभारी दीप्ति सिंह तोमर ने बताया कि आक्रोशित परिजनों ने शव को रखकर चक्काजाम कर दिया था प्रसाशनिक अधिकारियों की समझाइस के बाद जाम को खुलवा दिया वहीं परिजनों का कहना है कि महफूज परिवार में अकेला कमाने वाला था, पीछे मासूम बच्चा व पत्नी है। परिजनों ने उचित मुआवजा और पंप संचालक व टैंकर मालिक पर कार्रवाई की मांग की है।
