सीधी : कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विकास मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा जिला खनिज अधिकारी कपिलमुनि शुक्ला के मार्गदर्शन में खनिज विभाग द्वारा अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 19 सितंबर को गोपदबनास तहसील के विभिन्न क्षेत्रों में जांच के दौरान खनिज दल ने दो डंपर जब्त किए।खनिज विभाग के दल ने उपनी एनएच-39 से खनिज गिट्टी का अनाधिकृत परिवहन करते डंपर क्रमांक एमपी 17 जी 2632 को जब्त किया।
वाहन को नियमानुसार सुरक्षार्थ थाना प्रभारी पुलिस थाना कोतवाली की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया है। इसी प्रकार जोरौंधा सब्जी मंडी के पास खनिज स्टोन डस्ट का अनाधिकृत परिवहन करते डंपर क्रमांक एमपी 53 जीए 1330 को भी जब्त किया गया। उक्त वाहन को सुरक्षार्थ थाना प्रभारी थाना यातायात की अभिरक्षा में सौंपा गया है। खनिज विभाग द्वारा दोनों मामलों में संबंधित वाहन चालकों एवं स्वामियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम के लिए जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग द्वारा अनाधिकृत गतिविधियों में आदतन रूप से संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
