कैरिबियन सागर में संदिग्ध ड्रग्स नाव पर अमेरिकी सैन्य हमला, चार लोगों की मौत

वाशिंगटन, 20 सितंबर (वार्ता) अमेरिकी सेना ने कैरिबियन सागर में मादक पदार्थों की तस्करी में कथित रूप से शामिल एक नाव पर हमला किया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। यह मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप वाली नौकाओं पर किए गए हमलों की श्रृंखला में ताजा हमला है।

अमेरिकी दक्षिणी कमान (साउथकॉम) ने शनिवार को यह जानकारी दी।

साउथकॉम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि उसके निर्देश पर संयुक्त पश्चिमी गोलार्ध बल ने कैरिबियन में मादक पदार्थों की तस्करी के स्थापित मार्गों पर चल रही तेज गति वाली नाव पर “घातक, गतिज हमला” किया।साउथकॉम के अनुसार, “पुष्ट खुफिया जानकारी से मादक पदार्थों की तस्करी में नाव की सक्रिय संलिप्तता का खुलासा हुआ था।” कमान ने कहा कि हमले में मारे गए चारों ‘नार्को-आतंकवादी’ थे।

यह हमला करीब एक महीने में घोषित किया गया नवीनतम हमला था। इससे पहले कैरिबियन सागर में नौकाओं पर लगातार किए गए दो हमलों में कुल छह लोगों की मौत हुई थी। इसके साथ ही अमेरिका महाद्वीपों के बीच मादक पदार्थों की तस्करी में कथित रूप से शामिल नौकाओं के खिलाफ घोषित हमलों की संख्या बढ़कर 69 हो गई है।

हमलों को सही ठहराने के लिए इस्तेमाल की गयी खुफिया जानकारी पर अमेरिकी सांसदों ने सवाल उठाये हैं और कुछ ने संभावित युद्ध अपराधों को लेकर चिंता जतायी है। शुरुआती घटनाओं में से एक में, पहले हमले में बचे लोगों को कथित तौर पर दूसरे हमले में मार दिया गया था।

नेवी एडमिरल फ्रैंक ब्रैडली ने इस बात से इनकार किया है कि सितंबर 2025 के एक हमले के दौरान तत्कालीन रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ‘सबको मार डालने’ का आदेश दिया था।

कोलंबिया और वेनेजुएला के नेताओं ने भी अमरीकी दावों का खंडन किया है। उनका कहना है कि जिन नौकाओं को निशाना बनाया गया, वे मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल नहीं थीं और उनमें सवार लोग अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स कारोबार से जुड़े गिरोहों के सदस्य नहीं थे।

ट्रंप प्रशासन ने वेनेजुएला के ‘ट्रेन डी अरागुआ’, ‘सिनालोआ कार्टेल’ और मेक्सिको के ‘जालिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल’ समेत कई गिरोहों को आतंकवादी संगठन घोषित किया है।

गौरतलब है कि मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपी जहाजों के खिलाफ हमले उस अवधि में तेज हो गये, जब जनवरी में अमेरिका ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लिया था।श्री मादुरो को हिरासत में लेने और न्यूयॉर्क में उन पर मामला दर्ज करने से पहले, हाउस डेमोक्रेटों ने दिसंबर में इन हमलों और प्रशासन की ‘वेनेजुएला के भीतर या उसके खिलाफ शत्रुतापूर्ण कार्रवाइयों’ को सीमित करने के उद्देश्य से दो विधेयक पेश किये थे।

 

 

 

You May Like