नयी दिल्ली, 20 सितंबर (वार्ता) केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कहा कि पंजाब आज नशे के गंभीर संकट से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि नशे ने कई परिवार उजाड़ दिए हैं और कई नौजवानों की जिंदगी तबाह और बर्बाद कर दी है।
यहां जारी एक बयान में श्री चौहान ने कहा कि इस समस्या के खिलाफ समाज और जनता को मिलकर निर्णायक लड़ाई लड़ने की जरूरत है। इस मकसद से वह कल (सोमवार) को तलवंडी साबो के रविदासिया चौक स्थित दाना मंडी में ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का उद्घाटन करेंगे और इसमें शामिल होंगे। इसके अलावा वह मैसरखाना में जनसभा और बठिंडा में किसानों व स्वयं सहायता समूह की दीदियों से सीधा संवाद करेंगे।
श्री चौहान ने पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि आप सरकार नशे के समाधान में बुरी तरह विफल हुई है। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशे की समस्या से बाहर निकालने के लिए ठोस और स्थायी प्रयास जरूरी हैं।
