सिवनी: शहर के गंज क्षेत्र स्थित कुचबंदिया मोहल्ले में रविवार को पुलिस ने अवैध कच्ची महुआ शराब के खिलाफ कार्रवाई की। छह थानों और रक्षित केंद्र के 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने मोहल्ले और रेलवे ट्रैक के आसपास एक साथ छापा मारा।
पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई में करीब 400 डिब्बों में लगभग 500 क्विंटल महुआ लाहन मिला। मौके पर 10 भट्ठियां, करीब 20 ड्रम और शराब बनाने की दूसरी सामग्री भी मिली। पुलिस ने लाहन और भट्ठियां नष्ट कर दीं।
पुलिस के अनुसार, कुचबंदिया मोहल्ले में लंबे समय से कच्ची महुआ शराब बनाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना की पुष्टि के बाद रविवार को अलग-अलग स्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने घरों के आसपास के इलाकों के साथ रेलवे ट्रैक के किनारे भी तलाशी ली। एसपी कृष्ण लाल चंदानी ने रविवार शाम 4:30 बजे कार्रवाई में करीब 500 क्विंटल लाहन मिलने की जानकारी दी। कार्रवाई में कोतवाली, लखनवाड़ा, डूंडासिवनी, बंडोल, महिला थाना, अजाक थाना और रक्षित केंद्र सिवनी का बल शामिल रहा।
पुलिस ने मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि शराब बनाने का काम कौन लोग कर रहे थे और तैयार शराब की सप्लाई किन इलाकों में की जाती थी।
