नीदरलैंड : हेग में हिंसक दक्षिणपंथी प्रदर्शन के दौरान 24 गिरफ्तार( एचडीआर 15 की फाइल बदलते हुए)

हेग, 20 सितंबर (वार्ता) नीदरलैंड के हेग में दक्षिणपंथी संगठन ‘विज ज़िन हेत फोल्क’ के प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इन लोगों को आपात आदेश का पालन नहीं करने और अवैध रूप से हथियार रखने के संदेह में हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने सार्वजनिक व्यवस्था बिगड़ने, पुलिस के खिलाफ हिंसा और प्रदर्शनकारियों के लगातार चेहरे ढके रखने के कारण शहर में प्रस्तावित मार्च पर रोक लगा दी थी। एनओएस के अनुसार, इसके बाद कई प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से भिड़ने की कोशिश की और पटाखे फेंके।

पहले की रिपोर्टों के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों के हाथों में “व्हाइट लाइव्स मैटर” और “व्हाइट मेन फर्स्ट” जैसे नारे लिखे बैनर थे। कुछ के पास कथित तौर पर सेल्टिक क्रॉस वाले बैनर भी थे, जिनका इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नव-नाजी समूह करते हैं। कुछ प्रदर्शनकारियों पर कथित तौर पर नाजी सलामी देने का भी आरोप है।

इस बीच, मालिवेल्ड में विरोधी प्रदर्शन जारी रखने की अनुमति दी गई। प्रदर्शनकारियों ने पटाखों के साथ-साथ डंडे और धुआं छोड़ने वाले बम भी फेंके। इसके बाद दंगा पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार की और कथित तौर पर मिर्च स्प्रे का इस्तेमाल किया।

प्रधानमंत्री रॉब येतेन ने घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा कि पुलिस के खिलाफ अत्यधिक हिंसा की गई, बेहद आपत्तिजनक दक्षिणपंथी और यहूदी-विरोधी नारे लगाए गए तथा नाजी सलामी दी गई। उन्होंने पुलिस और स्थानीय प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश कानून के शासन के लिए मजबूती से खड़ा है और विरोध करने के अधिकार का दुरुपयोग नहीं होने दिया जाएगा।

उप मेयर डी मोस ने कहा कि हिंसा “एक सीमा पार कर गई” थी। उन्होंने कहा कि सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है, इसलिए पहले मार्च रद्द किया गया और मालिवेल्ड में प्रदर्शन जारी रखने की अनुमति दी गई। लेकिन हिंसा जारी रहने के बाद प्रदर्शन समाप्त करना जरूरी हो गया।

उन्होंने शहर में हिंसा फैलने से रोकने के लिए पुलिस की भी प्रशंसा की। इस बीच, जलवायु कार्यकर्ताओं के संगठन ‘एक्सटिंक्शन रिबेलियन’ ने जेवेनार के पास ए12 राजमार्ग पर भी प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के वहां से हटने से इनकार करने के बाद कम से कम 100 लोगों को राजमार्ग से हटा दिया।

.....

Next Post

पत्रकार अपमान मामले में सियासत तेज, आम आदमी पार्टी ने कहा—अपमान किया है तो माफी भी मांगें

Sun Sep 20 , 2026
ग्वालियर: डबरा में विश्व हिंदू परिषद के स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के साथ कथित तौर पर हुए अपमान का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कार्यक्रम में पत्रकारों के साथ हुए व्यवहार से नाराज होकर कुछ पत्रकार कार्यक्रम स्थल से चले गए थे। मामले को लेकर अब […]

You May Like