सतना:आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन एटक मध्यप्रदेश के द्वितीय राज्य सम्मेलन के अवसर पर शनिवार को सतना में प्रदेशभर से पहुंचीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने विशाल रैली निकालकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और सीडीएम को गया है ।
रैली में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं शामिल हुईं। हाथों में मांगों से संबंधित तख्तियां और लाल झंडे लिए कार्यकर्ताओं ने कर्मचारी का दर्जा, सम्मानजनक मानदेय, न्यूनतम वेतन, पेंशन, पीएफ और ग्रेच्युटी सहित सामाजिक सुरक्षा की मांग उठाई।अमृत वाटिका पहुंचने के बाद एटक का ध्वजारोहण राष्ट्रीय महासचिव कामरेड माधुरी क्षीरसागर ने किया। इसके बाद आयोजित आमसभा को एटक के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विद्यासागर गिरी, राष्ट्रीय महासचिव माधुरी क्षीरसागर, हरिद्वार सिंह, प्रांतीय महासचिव विभा पांडे और जिला अध्यक्ष शाहीन सिद्दीकी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
विद्यासागर गिरी ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं, फिर भी उन्हें कर्मचारी का दर्जा और पर्याप्त सामाजिक सुरक्षा नहीं मिली है। माधुरी क्षीरसागर ने कहा कि यूनियन न्यूनतम वेतन, कर्मचारी का दर्जा, पेंशन, पीएफ और ग्रेच्युटी जैसी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।
कलेक्टर प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन
आमसभा के बाद यूनियन की ओर से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर के प्रतिनिधि एसडीएम राहुल सिलाडिया को सौंपा गया। ज्ञापन में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को कर्मचारी का दर्जा देने, न्यूनतम वेतन लागू करने, सम्मानजनक मानदेय तथा पेंशन, पीएफ और ग्रेच्युटी सहित सामाजिक सुरक्षा की मांग की गई। राज्य सम्मेलन में संगठन की पिछले तीन वर्षों की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रांतीय महासचिव विभा पांडे ने प्रस्तुत की। विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने संगठन के कार्यों, सदस्यता विस्तार, आंगनवाड़ी कर्मियों की समस्याओं और आगामी आंदोलन की रणनीति पर विचार रखे। सम्मेलन में संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने और लंबित मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने पर चर्चा हुई।
