इंदौर: राजनगर में गत दिनों हाथी के हमले में एक युवक की मौत हो गई. हाथी को गुड़ खिलाने पहुंचे युवक पर हाथी अचानक बिफर गया और उसे सूंड से पटकने के बाद पैर रख दिया. गंभीर घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. घटना के बाद हाथी लेकर आए महावतों में हड़कंप मच गया.चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर में हाथी के हमले में 49 वर्षीय विजय पिता लक्ष्मणराव होलकर की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि पिछले दिनों उज्जैन से आए 15 महावत हाथियों के साथ क्षेत्र में फेरी लगा रहे थे. इसी दौरान विजय हाथी को गुड़ खिलाने के लिए उसके पास पहुंचे, तभी हाथी अचानक बेकाबू हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि हाथी ने विजय को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया था. इसके बाद उसने जमीन पर पड़े विजय के ऊपर पैर रख दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. मौके पर मौजूद महावतों ने हाथी को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक वह काबू में नहीं आ सका. परिजन और आसपास के लोग घायल विजय को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया. घटना के बाद महावत हाथी लेकर मौके से निकलने लगे.
विजय के परिजनों ने उनका पीछा किया और परमानंद अस्पताल के पास एक महावत को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने हाथी पर सवार एक महावत को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य महावत हाथी लेकर फरार हो गए, पुलिस उनकी जानकारी जुटा रही है. सूत्रों का कहना है कि महावत हाथी को किसी जुलूस के लिए इंदौर लेकर आए थे, लेकिन बाद में वे क्षेत्र में फेरी लगाने लगे. इसी दौरान यह हादसा हो गया. घटना के बाद रहवासियों ने भीड़भाड़ और रिहायशी इलाकों में हाथियों की आवाजाही पर सख्ती की मांग उठाई है. उनका कहना है कि हाथी जैसे बड़े जानवरों को बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के आबादी वाले क्षेत्रों में लाना लोगों की जान के लिए खतरा बन सकता है.
मामले में जांच की जा रही है…
मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.
थाना प्रभारी चंदन नगर, तिलक करोले
