मुरैना में अवैध रेत माफिया पर कार्रवाई, चंबल की रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

मुरैना: मुरैना में चंबल नदी से अवैध रेत के कारोबार पर पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने देर रात बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए अवैध रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है।जब्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉली की कीमत करीब 7 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस की घेराबंदी देखकर चालक मौके का फायदा उठाकर अंधेरे में रफूचक्कर होने में कामयाब हो गया।
सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि अंबाह की तरफ से चंबल नदी की अवैध रेत लेकर एक ट्रैक्टर निकलने वाला है। खबर मिलते ही पुलिस टीम ने देर रात बायपास एबी रोड पर चेकिंग प्वाइंट लगाया। इसी दौरान अंबाह रोड की ओर से रेत से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली आती हुई दिखाई दी। पुलिस जवानों ने जब उसे रोकने का इशारा किया, तो चालक ने पुलिस को देखते ही गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिस की टीम ने तुरंत ट्रैक्टर का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक ने बचने के लिए ट्रैक्टर को मेवदा क्षेत्र स्थित कौशल सरपंच के पुरा के पास मोड़ दिया। वहां पहुंचते ही चालक गाड़ी को छोड़कर अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाते हुए भाग निकला। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन रात के सन्नाटे में आरोपी का कोई सुराग नहीं लग सका।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली की बारीकी से तलाशी ली। ट्रॉली में भरी रेत को जांचने पर पता चला कि यह चंबल नदी के प्रतिबंधित इलाके से अवैध रूप से निकाली गई रेत है। पुलिस ने बिना देर किए पूरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया और थाने ले आई। जब्त वाहन और उसमें भरी रेत की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये बताई जा रही है।
अज्ञात चालक पर एफआईआर दर्ज
मामले में सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 317(5) के तहत अपराध क्रमांक 458/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही अवैध रेत परिवहन में इस्तेमाल किए गए वाहन को राजसात करने की कानूनी प्रक्रिया के लिए वन विभाग को भी आधिकारिक रूप से सूचित कर दिया गया है।

Next Post

अधिकार और सम्मानजनक मानदेय की मांग को लेकर सतना में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की विशाल रैली

Sun Sep 20 , 2026
सतना:आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका यूनियन एटक मध्यप्रदेश के द्वितीय राज्य सम्मेलन के अवसर पर शनिवार को सतना में प्रदेशभर से पहुंचीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने विशाल रैली निकालकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और सीडीएम को गया है । रैली में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी […]

You May Like