पुराने विवाद में बातचीत के बहाने बुलाया, फिर कैंटीन के पास घेरकर मारपीट की

इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के बायपास स्थित सेज कॉलेज यूनिवर्सिटी में पुराने विवाद को लेकर एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. एक छात्रा को थप्पड़ मारने की बात को लेकर पहले फोन पर बातचीत हुई, फिर छात्र को कॉलेज बुलाया गया. कैंटीन के पास पहुंचते ही तीन युवकों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज के बाद लात-घूंसों से पीट दिया. मामले में तेजाजी नगर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.

थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बतायाकि श्रीजी रेसीडेंसी, अनुराधा नगर निवासी शुभ अहिरवार ने शिकायत में बताया कि आरोपी अंशुल रघुवंशी ने उसे फोन कर कहा था कि उसने एक लड़की को थप्पड़ मारा है. शुभ ने जवाब दिया कि यदि गलती से ऐसा हुआ है तो वह संबंधित छात्रा से मिलकर माफी मांग लेगा. इसके बाद वह अपने दोस्त हर्ष राव गावड़े के साथ कार से कॉलेज पहुंचा. शुभ के कैंटीन के पास पहुंचते ही वहां मौजूद मेहुल राठी, अंशुल रघुवंशी और आयुष ठाकुर ने उसे घेर लिया.

तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट कर दी. अचानक हुए हमले में छात्र को शरीर पर कई जगह चोटें आईं. मौके पर मौजूद अन्य छात्रों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. घटना के बाद शुभ तेजाजी नगर थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मेहुल राठी, अंशुल रघुवंशी और आयुष ठाकुर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस विवाद की शुरुआत और कॉलेज परिसर में हुई घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है.

Next Post

जिले में अब तक 751.1 मिली मीटर औसत वर्षा हुई

Fri Sep 18 , 2026
रीवा: 18 सितम्बर, सावन में जहा झमाझम बारिश हुई और बाढ़ जैसे हालात बन गये. लेकिन अब एक सप्ताह से झमाझम बारिश नही हो रही है. तेज धूप के साथ उमस भरी गर्मी बनी रहती है. तापमान भी 33.8 डिग्री पहुंच गया है. जबकि न्यूनतम तापमान 24.8 है. हालात रात […]

You May Like