इंदौर: तिलक नगर के पिपल्याहाना में मकान बेचने की पुरानी बात को लेकर महिला से दो बार मारपीट की गई. पहले आरोपियों ने उसे रास्ते में घेरकर धक्का-मुक्की की. महिला किसी तरह घर पहुंची तो आरोपी वहां भी पहुंच गए और घर में घुसकर दोबारा मारपीट कर दी. पुलिस ने महिला की शिकायत पर केस दर्ज किया है.
थाना प्रभारी मनीष लोधा ने बताया कि दीपक नगर निवासी रजनी राय ड्यूटी से पैदल घर लौट रही थी.
घर के पास माधुरी और उसके साथियों ने उसे रोककर मकान बेचने की बात पर विवाद किया और मारपीट की. पड़ोसी ने बीच-बचाव किया तो रजनी घर चली गई. रात करीब 10.30 बजे माधुरी अपने परिजनों के साथ उसके घर पहुंची और फिर विवाद करते हुए मारपीट शुरू कर दी. शोर सुनकर लोग जुटे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए. पुलिस ने माधुरी, उसके पति, नेहा के माता-पिता सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
