गुना: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया गुरुवार को गुना जिले के भ्रमण पर रहे। इस दौरान गुलाबगंज क्षेत्र के नागरिकों ने मुलाकात कर क्षेत्र की सड़क समस्या को लेकर उन्हें आवेदन सौंपा। नागरिकों ने सड़क की खराब स्थिति और उससे हो रही परेशानियों की जानकारी देते हुए समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
आवेदन देने के दौरान नागरिकों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए यहां तक कह दिया कि यदि सड़क की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे वोट नहीं देंगे। नागरिकों की यह बात सुनकर सिंधिया ने तत्काल प्रतिक्रिया देते हुए कहा—“यह भाषा मेरे साथ कभी उपयोग मत करना।”
सिंधिया ने नागरिकों की समस्या सुनी और सड़क से संबंधित मामले को गंभीरता से लेने की बात कही। इस दौरान कुछ देर के लिए माहौल भी गरमा गया, लेकिन बाद में बातचीत समस्या के समाधान पर केंद्रित रही।
गुलाबगंज क्षेत्र के लोगों का कहना था कि सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय निवासियों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि केंद्रीय मंत्री के संज्ञान में मामला आने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा सड़क की समस्या के निराकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाएगी।
सिंधिया के “यह भाषा मेरे साथ कभी मत करना” वाले जवाब का वीडियो अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
