इंदौर: कनाड़िया के बिचौली इलाके में निर्माणाधीन बिल्डिंग में गुरुवार शाम अचानक दीवार का हिस्सा भरभराकर गिर गया. मलबे के साथ ऊपर बना सीमेंट का कॉलम नीचे काम कर रही महिला के सिर पर जा गिरा. गंभीर घायल महिला को एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. हादसे में उसका देवर भी घायल हुआ है. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
कनाड़िया थाना प्रभारी सहर्ष यादव ने बताया कि बायपास स्थित बिचौली में बिल्डिंग का निर्माण चल रहा था. खरगोन क्षेत्र की रहने वाली सावित्री बाई अपने पति देवल सिंह, देवर दिनेश और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ यहां मजदूरी कर रही थी. शाम के समय अचानक दीवार का हिस्सा गिरने से सावित्री और दिनेश उसकी चपेट में आ गए. कॉलम सिर पर लगने से सावित्री को गंभीर चोट आई, जबकि दिनेश भी घायल हो गया.
परिजन सावित्री को एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. दिनेश को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई. पुलिस ने निर्माण स्थल के ठेकेदार और मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया है. हादसा किस वजह से हुआ और निर्माण में सुरक्षा के इंतजाम थे या नहीं, इसकी जांच की जा रही है.
