नयी दिल्ली, (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को देशभर में विभिन्न अवसरों पर भेंट किये गये 1,498 स्मृति चिह्नों और उपहारों की आठवीं ई-नीलामी बुधवार सुबह उनके 76वें जन्मदिन के अवसर पर शुरू हो गयी , जो 31 अक्टूबर तक चलेगी।
नीलामी में काकतीय कला तोरणम की चांदी की प्रतिकृति, ब्रिटिश रॉयल नेवी के प्रमुख युद्धपोत एचएमएस विक्टरी की हस्तनिर्मित प्रतिकृति, दमन के आधुनिक कन्वेंशन सेंटर को दर्शाती जरदोजी कलाकृति, खेल से जुड़ी स्मृति वस्तुएं, नौसेना के मॉडल और धार्मिक कलाकृतियां शामिल हैं।
संस्कृति मंत्रालय ने कहा कि ई-नीलामी के माध्यम से भारत की विरासत, कला, शिल्प और सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाया जा रहा है। इसके साथ ही इसमें आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और नमामि गंगे कार्यक्रम के लिए धन जुटाने का अवसर भी मिलता है।
केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पहली सात ई-नीलामियों में 7,400 से अधिक वस्तुओं की नीलामी की गयी, जिससे 52 करोड़ रुपये प्राप्त हुए। उन्होंने कहा कि मौजूदा संग्रह देश की कलात्मक और आध्यात्मिक परंपराओं, पारंपरिक शिल्प, सांस्कृतिक प्रथाओं और खेल उपलब्धियों को दर्शाता है।
इस बार की नीलामी में 50 प्रमुख वस्तुएं शामिल हैं। इनमें कर्नाटक से भगवान राम का चांदी का स्मृति चिह्न शामिल है, जिसकी आधार कीमत 13.50 लाख रुपये है। काकतीय कला तोरणम की चांदी की प्रतिकृति की शुरुआती कीमत नौ लाख रुपये और फ्रेम में जड़ित ‘ट्री ऑफ लाइफ’ गोंड कला पेंटिंग की आधार कीमत 7.5 लाख रुपये है। इसके अलावा छह लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर रथ पर भगवान जगन्नाथ परिवार की कलाकृति और 5.40 लाख रुपये की आधार कीमत पर सोने की परत चढ़ी फ्रेम वाली राधा-कृष्ण कलाकृति भी नीलामी में शामिल है।
काकतीय कला तोरणम को वारंगल गेट के नाम से भी जाना जाता है। यह 12वीं शताब्दी का पत्थर का प्रवेश द्वार है, जिसका निर्माण काकतीय राजवंश के शासनकाल में हुआ था। यह कभी भगवान शिव को समर्पित स्वयंभू मंदिर का हिस्सा था और अपनी नक्काशी तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव के लिए जाना जाता है।
ई-नीलामी वेबसाइट के अनुसार, भगवान राम की प्रतिकृति में उन्हें अलंकृत कमल के आसन पर खड़े हुए दिखाया गया है। उन्होंने आभूषण और लहराते वस्त्र धारण किये हैं तथा एक हाथ में धनुष-बाण है, जबकि दाहिना हाथ अभय मुद्रा में है, जो निर्भयता और सुरक्षा का प्रतीक है।
नीलामी में एचएमएस विक्टरी की मॉडल प्रतिकृति भी शामिल है, जिसकी आधार कीमत 2.25 लाख रुपये है। वेबसाइट के अनुसार, इस मॉडल में लॉर्ड नेल्सन के जहाज को पीले और काले रंग की धारियों वाले बहु-स्तरीय तोप डेक के साथ दर्शाया गया है। इसे पीतल के आधार पर चमकदार लकड़ी के चबूतरे पर रखा गया है और इसमें आधिकारिक धातु की नेमप्लेट तथा छोटे भारतीय ध्वज लगे हैं।
नीलामी में खेल से जुड़ी स्मृति वस्तुएं भी शामिल हैं। इनमें पैरालंपिक रजत पदक विजेता की ओर से प्रधानमंत्री को भेंट किये गये दौड़ के जूतों की एक जोड़ी और 1.20 लाख रुपये की कीमत वाली दमन के आधुनिक कन्वेंशन सेंटर को जरदोजी कढ़ाई के माध्यम से दर्शाती हस्तनिर्मित स्मारक कलाकृति शामिल है। अन्य वस्तुओं में भारतीय नौसेना के उन्नत स्टील्थ निर्देशित मिसाइल फ्रिगेट के प्रमुख पोत आईएनएस नीलगिरि का ऊपर से दिखने वाला स्केल मॉडल शामिल है, जिसकी आधार कीमत 66,000 रुपये है। इसके अलावा बीएपीएस स्वामीनारायण अक्षरधाम नॉर्थ अमेरिका मंदिर का छोटा 3डी मॉडल 4,500 रुपये की कीमत पर सूचीबद्ध है। इस मॉडल में न्यू जर्सी के रॉबिन्सविले स्थित मंदिर को पत्थर जैसी बारीक नक्काशी, कई शिखरों और शीर्ष पर लगे सजावटी ध्वज के साथ दर्शाया गया है। नयेए संसद भवन के भीतर लोकसभा कक्ष का स्मारक 3डी वास्तुशिल्प मॉडल भी नीलामी का हिस्सा है, जिसकी शुरुआती बोली 45,000 रुपये है।
वेबसाइट के अनुसार, इस कलाकृति में त्रिकोणीय वास्तुकला, लोकसभा की विशिष्ट हरी बैठने की व्यवस्था, छत पर भारत के राजचिह्न और महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) से जुड़े कटआउट को बारीकी से उकेरा गया है।
श्री शेखावत ने कहा कि इस व्यापक संग्रह में पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, बिहार और ओडिशा समेत विभिन्न राज्यों से जुड़ी वस्तुएं भी शामिल हैं।
संग्रह में 1,498 वस्तुओं वाली प्रधानमंत्री स्मृति चिह्नों की आठवीं ई-नीलामी में धार्मिक कलाकृतियों, सांस्कृतिक वस्तुओं, खेल स्मृति चिह्नों और विभिन्न मॉडलों को शामिल किया गया है। इसके माध्यम से आम लोगों की भागीदारी के साथ नमामि गंगे कार्यक्रम के लिए धन जुटाने की प्रक्रिया भी जारी रहेगी।
