सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ रक्तदान शिविर से

आलीराजपुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत जोबट कन्या परिसर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ रक्तदान के माध्यम से किया गया, जिसमें एनीमिया से पीड़ित महिलाओं के लिए रक्त एकत्रित किया गया। शिविर का विधिवत शुभारंभ कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान एवं सांसद श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री नागर सिंह चौहान ने रक्तदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर एवं सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर रक्तदान कर आप सभी ने सेवा और मानवता का अनुकरणीय संदेश दिया है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

मंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह रक्त एनीमिया से पीड़ित माता-बहनों के लिए एकत्रित किया जा रहा है। रक्तदान करने वाला व्यक्ति किसी जरूरतमंद को जीवन जीने का अवसर प्रदान करता है। रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर उसका जीवन बचाने में सहायता मिलती है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने जिलेवासियों से अभियान के तहत अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने तथा सेवा भावना के प्रतीक ‘आशीर्वाद का दीया’ अधिक से अधिक संख्या में प्रज्वलित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने का माध्यम है।

इस दौरान रक्त दान शिविर में जोबट में 46 यूनिट एवं आलीराजपुर में 30 यूनिट से अधिक ब्लड एकत्रित किया गया।

इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व श्री मनोज गरवाल, बीएमओ जोबट श्री विजय बघेल सहित बड़ी संख्या में रक्तदाता, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Post

युवा संवाद के तहत कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने कस्तूरबा एवं आदिवासी कन्या छात्रावास जोबट का किया औचक निरीक्षण

Thu Sep 17 , 2026
आलीराजपुर. कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने युवा संवाद कार्यक्रम के तहत जोबट स्थित कस्तूरबा एवं आदिवासी कन्या छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं, भोजन, आवास, शिक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मंत्री श्री चौहान ने छात्राओं से कहा […]

You May Like