तिजुआना, (मेक्सिको) 11 जून (वार्ता) ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के फॉरवर्ड मेहदी तारेमी ने कहा कि वीजा देने से इनकार करने और सोमाली रेफरी को देश में प्रवेश करने से रोकने के संबंध में अमेरिकी सरकार के कदम देश की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं और विश्व कप के ‘काफी तनाव’ पैदा कर रहे हैं । तारेमी ने एक अनुवादक की मदद से स्थानीय मीडिया से कहा, “मैं तीन विश्व कप में हिस्सा ले चुका हूं और वे हमेशा कहते हैं कि जैसे ही आप विमान से उतरते हैं और मेजबान देश में प्रवेश करते हैं, वहां मित्रता और वैश्विकता का एक अनूठा माहौल होता है।दुर्भाग्यवश, मुझे अभी ऐसा महसूस नहीं हो रहा है। इस विश्व कप में इस समय काफी तनाव है। माहौल में यह साफ महसूस होता है और दुर्भाग्य से, यह वीजी अस्वीकृति जैसी कार्रवाइयों के कारण है। शायद यह सिर्फ मेरी निजी भावना है।”
गुरुवार से शुरू होने वाले विश्व कप में टीम की भागीदारी, जिसकी संयुक्त मेजबानी अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा करेंगे, ईरान युद्ध के कारण जटिल हो गई है। ईरान की टीम रविवार सुबह तुर्की के अंताल्या शहर से निजी विमान से मैक्सिको स्थित अपने प्रशिक्षण शिविर में पहुंची। टीम मेल्ली मूल रूप से अपना विश्व कप प्रशिक्षण केंद्र टक्सन, एरिजोना में बनाने वाली थी, लेकिन फीफा के सुझाव पर, उन्होंने अपना केंद्र मैक्सिकन सीमावर्ती शहर तिजुआना में स्थानांतरित करने पर सहमति व्यक्त की।
इस कदम से ईरान के सभी खिलाड़ियों और कर्मचारियों को मैक्सिको जाने की अनुमति मिल गई, लेकिन 14 कर्मचारियों को अमेरिका में प्रवेश करने के लिए वीजा देने से इनकार कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि ईरान के ग्रुप स्टेज के तीनों मैच अमेरिका में खेले जाएंगे। ईरान अपने पहले दो मैच कैलिफोर्निया के इंग्लेवुड में सोमवार को न्यूजीलैंड और छह दिन बाद बेल्जियम के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद वे 26 जून को मिस्र से मुकाबला करने के लिए सिएटल रवाना होंगे। अगर ईरान और अमेरिका दोनों टीमें अपने-अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहती हैं, तो तीन जुलाई को टेक्सास के आर्लिंगटन में राउंड ऑफ 32 में दोनों टीमें आमने सामने होंगी।

