इंदौर: परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में देर रात कचरे के ढेर में भीषण आग लग गई. पास ही रुई का गोदाम होने से बड़ा हादसा टल गया. फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया.घटना परदेशीपुरा थाने के पास की है. देर रात करीब 2 बजे फायर ब्रिगेड को सूचना मिली कि रुई के गोदाम में आग लगी है. सूचना पर दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं.
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग गोदाम में नहीं, बल्कि उसके पास पड़े कचरे के ढेर में लगी थी, जो तेजी से फैल रही थी. पास में रुई का बड़ा गोदाम होने से आग फैलने का खतरा बना हुआ था. दमकल कर्मियों ने पुलिस की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया और करीब 10 हजार लीटर पानी का उपयोग कर आग पर काबू पाया. घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घने धुएं के कारण आसपास के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
