इंदौर: हीरानगर थाना क्षेत्र के बजरंग नगर में शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर विवाद के बाद बदमाशों ने मोमोस दुकान पर जमकर उत्पात मचाया. पैसे देने से इनकार करने पर पहले दुकानदार से गाली-गलौज की और विरोध करने वाले पड़ोसी युवक पर चाकू से हमला कर दिया. युवक को बचाने पहुंचे दुकानदार पर आरोपियों ने दुकान में रखी गर्म तेल की कढ़ाई फेंक दी, जिससे उसके हाथ और पीठ झुलस गए. पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित उनके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.
बजरंग नगर निवासी समीर पिता कमलेश मोरे मोमोस की दुकान पर ग्राहकों को सामान दे रहा था. इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों से चार लोग वहां पहुंचे और शराब पीने के लिए रुपए मांगने लगे. समीर ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी गाली गलौज करने लगे. शोर सुनकर पास रहने वाला हर्ष गणगोरे वहां पहुंचा और आरोपियों को गाली देने से रोका. इससे बदमाश और भड़क गए. दो आरोपियों ने चाकू निकालकर हर्ष के बाएं हाथ और जांघ पर वार कर दिए. चाकू लगने से हर्ष जमीन पर गिर गया, इसके बाद भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की. हर्ष को बचाने के लिए समीर आगे आया तो आरोपियों ने दुकान में रखी गर्म तेल की कढ़ाई उठा ली और समीर पर फेंक दी. गर्म तेल गिरने से उसके हाथ और पीठ झुलस गए.
घटना के बाद चारों आरोपी मौके से भाग निकले. पुलिस ने समीर की शिकायत पर शुभम पंडित, अमन गेले और उनके अन्य साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि दुकान पर शराब के लिए रुपए मांगने और विवाद के बाद मारपीट की शिकायत मिली है. मामले में दो नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. घायलों का उपचार कराया है. घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी
