नई दिल्ली। भारत के लोक सेवा प्रसारक दूरदर्शन ने अपनी 67वीं वर्षगांठ के अवसर पर नई दिल्ली स्थित दूरदर्शन भवन में संगीत, नृत्य और मनोरंजन से सजी विशेष शाम का आयोजन किया। समारोह में दूरदर्शन की छह दशकों से अधिक की यात्रा और देश की पीढ़ियों के साथ उसके जुड़ाव को रेखांकित किया गया।
इस वर्ष स्थापना दिवस की थीम Doordarshan@67 कल भी अपना, आज भी अपना” रही। यह थीम बदलते मीडिया परिदृश्य के बीच दूरदर्शन की विरासत और निरंतर प्रासंगिकता को दर्शाती है।
समारोह का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध गायिका ज्योति नूरन की संगीतमय प्रस्तुति रही। वहीं, शिखा खरे एवं समूह ने Rhythm Without Borders फ्यूजन डांस परफॉर्मेंस पेश की। कार्यक्रम में दूरदर्शन के आगामी धारावाहिकों ‘संस्कार’ और ‘सुराग 2.0’ से जुड़े कलाकारों के साथ विशेष संवाद भी हुआ। इसमें के.सी. बोकाडिया, महेश ठाकुर, अमन वर्मा, मिर्जा बेग, दर्शन जरीवाला, पंकज बेरी, सुदेश बेरी, साई केतन राव, जिज्ञासा सिंह और रेहान शाहरुख सहित कई कलाकार शामिल हुए।
समारोह का संचालन नमिता सचदेवा और अली असगर ने किया। छह दशकों से अधिक समय से दूरदर्शन भारत के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का हिस्सा रहा है। बदलती तकनीक और नए मीडिया प्लेटफॉर्म के दौर में भी वह लोक सेवा प्रसारण की अपनी मूल पहचान और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है।
