अजय माली और उसके साथियों ने युवक का अपहरण कर ‘थर्ड डिग्री’ टॉचर्र किया: 2 आरोपी गिरफ्तार, 2 फरार

कटनी। कोतवाली थाना पुलिस ने एक युवक का अपहरण कर उसके साथ बर्बरता और अमानवीय मारपीट करने वाले दो मुख्य आरोपियों को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पीड़ित को बंधक बनाकर न केवल बेल्ट और लात-घूंसों से पीटा, बल्कि सिगरेट से जलाकर उसे प्रताड़ित भी किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय माली और उसके साथी साहिल खान को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर दिया है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है।

ऑटो का इंतजार कर रहे युवक को झांसे में लेकर ले गए

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित पंकज मेहरा (24 वर्ष), निवासी गायत्री नगर (हाल निवासी रांझी, जबलपुर) ठेकेदारी का काम करता है। 12 सितंबर की सुबह करीब 9:30 बजे वह कटनी रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ा था, तभी उसका पुराना परिचित अजय उर्फ अन्नू माली स्कूटी से पहुंचा। बातचीत के बहाने अजय उसे मघई मंदिर स्थित अपने घर ले गया और फोन करके अपने तीन अन्य साथियों को बुला लिया। वहां पुरानी रंजिश और कथित तौर पर कुछ फोटो व दस्तावेजों के विवाद को लेकर उन्होंने पंकज से जमकर मारपीट की।

प्लेटफॉर्म नंबर 5 से दोबारा किया अपहरण

पीड़ित किसी तरह वहां से भागकर जबलपुर जाने के लिए कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर पहुंचा। हालांकि, आरोपी पीछा करते हुए वहां भी आ पहुंचे और जबरन ऑटो में बैठाकर उसे एन.के.जे. बजरिया स्थित एक मकान में ले गए। वहां एक कमरे में बंद कर आरोपियों ने उसे फिर से पीटा और साहिल खान के साथी ने सिगरेट से पंकज के हाथ और पीठ को जगह-जगह से दाग दिया। शाम को मौका पाकर पीड़ित चंगुल से छूटा और डर के मारे जबलपुर चला गया। 15 सितंबर को उसने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई, 2 गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने तुरंत अप.क्र. 1053/2026 दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की। मुखबिर और तकनीकी मदद से मुख्य आरोपी अजय उर्फ अन्नू माली को मुड़वारा स्टेशन के पास से और साहिल खान को कुठला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:

* अजय उर्फ अन्नू माली (42 वर्ष), निवासी सुभाष वार्ड, कटनी।

* साहिल खान (23 वर्ष), निवासी इंदिरा नगर, कटनी।

फरार आरोपी:

* अमन और उसका एक अन्य साथी (पुलिस दबिश दे रही है)।

थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है, जिन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Next Post

तीन साल बाद आदेश पर हुई कार्यवाही, डा. सोनल अग्रवाल बर्खास्त

Wed Sep 16 , 2026
रीवा, गांधी मेमोरियल अस्पताल में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद जिला एवं अस्पताल प्रशासन की नींद टूटी. तीन साल बाद आदेश पर कार्यवाही हुई, श्यामशाह मेडिकल कालेज रीवा की कार्यकारी परिषद की बैठक में निर्णय लिया गया. गांधी मेमोरियल अस्पताल की गायनी विभाग में पदस्थ डा. सोनल अग्रवाल को बुधवार […]

You May Like

मनोरंजन