
सीधी: विधानसभा चुरहट की खड्डी खुर्द से बगइहा टोला तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर लीला साहू का धरना बुधवार को तीसरे दिन भी जारी है। इनकी मांग है कि प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल आये और लिखित में सड़क निर्माण की तिथि बतायें । धरना स्थल पर संभागीय अधिकारी एवं सीधी के प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के महाप्रबंधक भी पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा की। अधिकारियों ने बताया कि खड्डी खुर्द-बगइहा टोला सड़क अभी प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में शामिल नहीं है। वर्तमान में यह सड़क सिंचाई विभाग के अधीन है।
अधिकारियों के अनुसार सड़क को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में शामिल किए जाने के बाद वन विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद निर्माण की दिशा में आगे कार्रवाई होगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि संभव हुआ तो दूसरे विभाग से सड़क निर्माण को लेकर भी चर्चा की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी ग्रामीणों ने धरना समाप्त करने से इंकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की समस्या झेल रहे लोगों को अब आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क निर्माण की निश्चित समय-सीमा चाहिए।
ग्रामीणों ने मांग की कि ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल स्वयं मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण कब और कैसे शुरू होगा, इसका स्पष्ट जवाब दें। धरना स्थल पर पहले दिन शाम को तहसीलदार भी पहुंचे और उनके द्वारा सड़क के गड्ढों की पटाई कराकर सड़क निर्माण हेतु आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया गया था। इस आश्वासन को मानने से यह कहते हुए इंकार कर दिया गया कि दो वर्षों से केवल आश्वासन ही मिल रहा है।
